केंद्र सरकार के आठ साल बेमिसाल, पीएम मोदी ने बढ़ाया देश का सम्मान- सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 8 वर्ष पूर्ण होने पर मीडिया से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के आठ साल बेमिसाल।

मीडिया से बाद करते हुए सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के कारण बीते आठ वर्षों में देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। हमारा देश एक सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा आज प्रत्येक योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं एवं प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाएं पहुंचे इसके लिए बीते 8 वर्षों से कई कार्य किए जा रहे हैं।

उज्वला योजना से जरूरतमंद लोगों को मिली गैस

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर नई ऊर्जा का संचार हुआ है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत आज प्रत्येक व्यक्ति के बैंक में खाते हैं। उज्वला योजना के अंतर्गत आज शत् प्रतिशत लोगों के पास रसोई गैस है। इसके अलावा कोविड काल के बाद दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान जो भारत में चलाया गया हम उसको कैसे भूल सकते हैं।

कोरोना काल मे पड़ोसियों देशों को दी वैक्सीन

कोविड काल के दौरान एक जिम्मेदार देश होने के कारण भारत ने अपने पड़ोसी देशों को भी वैक्सीन देने का काम किया है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ये आठ साल देश के लिए स्वर्णिम रहे हैं। देश प्रगति के नए कीर्तिमान रच रहा है। आज सबका साथ, सबका विकास के ध्येय वाक्य के सरकार जनता के साथ समन्वय बनाकर चल रही है।

पीएम मोदी ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत का दिया मंत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की मोदी के नेतृत्व में हम सभी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर को दो विधान, दो निधान और दो संविधान से छुटकारा दिलाने का काम कर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है, साथ ही मंदिर के गृभ गृह का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।

राज्य ने समान नागरिक संहिता लागू करने का लिया संकल्प

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू करने का संकल्प लिया था, उस पर काम शुरू हो गया है। जिसके अंतर्गत अब कमेटी का गठन कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में बहुआयामी योजनाएं संचालित हो रहीं हैं।

प्रदेश के सर्वांगीण विकास के पथ पर अग्रसर

सीएम धामी ने कहा लखवाड़ व्यासी परियोजना का रुका हुआ काम शुरू हो गया है। जमरानी बांध परियोजना का काम भी शीघ्र शुरू हो जाएगा। पिछले पांच साल में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट उत्तराखण्ड के लिए स्वीकृत हुए हैं। जिससे भव्य उत्तराखण्ड का निर्माण हो रहा है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास के पथ पर चल रहा है।

पर्यटन विकास पर है प्रदेश का फोकस

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन विकास पर विशेष रूप से फोकस है। कृषि एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी केंद्र सरकार के सहयोग से विशेष योजनाएं चल रही हैं। राज्य में उज्जवला योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा चुनाव से पूर्व हमने अंत्योदय कॉर्ड धारकों को साल में तीन मुफ्त सिंलेडर देने का वादा किया था, जिसका शासनादेश जारी कर दिया गया है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक नायक की निभा रहा भूमिका

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रदेश सरकार पीएम मोदी की कार्यसंस्कृति का अनुसरण करते हुए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक नायक के रूप में काम कर रहा है। ये पीएम मोदी का ही व्यक्तित्व है कि आज पूरा विश्व हमारी संस्कृति का सम्मान कर रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार और भगवान श्री बदरी विशाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दीर्घायु की कामना की।

(Visited 35 times, 1 visits today)