सिक्किम में बादल फटने से 5 लोगों की मौत, 43 लोग लापता

मंगलवार को सिक्किम में देर रात बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गयी | बाढ़ की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 43 लोग लापता हैं। बता दें कि इन 43 लोगों में सेना के 23 जवान भी शामिल हैं। मामले में पाक्योंग के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ताशी चोपेल ने सभी जवानों के मौत की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आपको बता दें कि नदी से लगे इलाके में ही आर्मी कैंप बना था जो बाढ़ की चपेट में आने से बह गया साथ ही यहां खड़ी 41 गाड़ियां भी पानी में डूब गईं। आसपास के 4 हजार लोगों को 5 राहत शिविरों में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। बाढ़ की वजह से राज्य को देश से जोड़ने वाला नेशनल हाईवे NH-10 भी बह गया है। जिसकी वजह से आवागमन की सुविधा बंद हो गई है। सिक्किम में बादल फटने के बाद पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग में भी बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। राज्य के मुख्य सचिव एचके द्विवेदी ने बताया- तीस्ता बैराज से तीन शव बरामद किए गए हैं। उनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें – सीएम धामी ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के चौथे राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव 2023 में किया प्रतिभाग

डिफेंस PRO के मुताबिक, ल्होनक झील के ऊपर देर रात करीब डेढ़ बजे के आसपास बादल फटा, इसके बाद लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई। नदी का जलस्तर अचानक 15 से 20 फिट तक बढ़ गया। इसके बाद नदी से लगे आसपास के इलाकों में पानी भर गया। कई घरों में भी नदी का पानी घुस आया। लोग घर छोड़कर सुरक्षित इलाकों में चले गए। गुवाहाटी के डिफेंस PRO ने बताया कि हादसे के बाद सेना के लापता जवानों की तलाशी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन भी अपने स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। हालांकि जानमाल के नुकसान को लेकर कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

अभी तक NDRF टीम ने सिक्किम के सिंगतम इलाके से 7 लोगों को बचा लिया है | यहाँ बादल फटने के बाद बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। NDRF की एक टीम गंगटोक में और दो टीमें पश्चिम बंगाल के सिक्किम से सटे इलाकों में तैनात हैं।

(Visited 35 times, 1 visits today)

One thought on “सिक्किम में बादल फटने से 5 लोगों की मौत, 43 लोग लापता

Comments are closed.