ग्रामीण क्षेत्रों का विकास हैस्को की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हैस्को के संस्थापक पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा हैस्को के माध्यम से की जा रही विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून के शुक्लापुर स्थित हैस्को के संस्थापक पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि हैस्को ने जल संचय, प्रकृति के संवर्द्धन के लिए सराहनीय कार्य किये हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए उनके प्रयोग और प्रयास काफी सहायक सिद्ध हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही उनकी ब्राडिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपदों में अलग-अलग उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किये जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में अनेक प्राकृतिक संपदाएं हैं। जिनके लिए राज्य सरकार द्वारा अनेकों लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों में कई जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिकी को बढ़ावा देने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने ग्रामीण आर्थिकी को बढ़ावा देने एवं जल संचय एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने सुझाव भी दिये। उन्होंने हैस्को द्वारा किये जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

(Visited 96 times, 1 visits today)