सिक्किम में बादल फटने के बाद खौफनाक मंजर आया सामने , पूरे राज्य में भारी तबाही

एएनआई। सिक्किम में मंगलवार को देर रात बादल फटने के बाद खौफनाक मंजर देखने को मिल रहा है। यह बादल उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर फटा जिसके बाद  तीस्ता नदी में बड़े पैमाने पर सैलाब से पूरे राज्य में भारी तबाही देखी जा रही है। राज्य में बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ (Flash Flood) आ गई। सिक्किम में आई अचानक बाढ़ में अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है जबकि 102 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं और 26 लोग घायल हैं।  लापता लोगों के तलाशी अभियान जारी है। इस बाढ़ में आम नागरिकों के अलावा 23 सेना के जवान भी लापता चल रहे हैं। 

वहीं, राज्य के विभिन्न हिस्सों में 3,000 से अधिक पर्यटकों के फंसे होने की आशंका बताई जा रही है। इस अचानक आई बाढ़ में चुंगथांग में तीस्ता स्टेज 3 बांध में काम करने वाले कई मजदूर अभी भी बांध की सुरंगों में फंसे हुए हैं। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की तीन (3) अतिरिक्त प्लाटून की मांग की है, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। रंगपो और सिंगतम कस्बों में एनडीआरएफ की एक प्लाटून पहले से ही सेवा में है।

उत्तर बंगाल और बांग्लादेश के लिए बाढ़ की चेतावनी

सिक्किम में बादल फटने और बाढ़ आने के कारण पूरे राज्य में तबाही मची है। अधिकारियों ने बताया  कि सिक्किम और देश के बाकी हिस्सों के बीच मुख्य संपर्क राष्ट्रीय राजमार्ग -10 के कुछ हिस्से बह गए हैं। साथ ही, उत्तर बंगाल और बांग्लादेश के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है, जहां से तीस्ता नदी बहती है।

23 लापता जवानों में से एक सैनिक को बचाया गया

सिक्किम में बादल फटने और अचानक आए बाढ़ के कारण सेना के 23 जवान लापता हो गए थे।  उन लापता जवानों में से एक जवान मिल गया है। बुधवार को गुवाहाटी में डिफेंस पीआरओ ने कहा कि अब तक एक सैनिक को बचाया जा चुका है, जबकि उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर अचानक बादल फटने के बाद लापता हुए शेष 22 सैनिकों के लिए सेना द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है।

सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में 16 घर हुए क्षतिग्रस्त

सिक्किम में अचानक आई बाढ़ के बाद मची तबाही के कारण 16 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस तबाही के बीच, 100 से अधिक लोगों को मंगन जिले के डिक्चू में पास के एक सरकारी स्कूल में राहत शिविर में ले जाया गया। खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

कई जिलों के स्कूल 8 अक्टूबर तक रहेंगे बंद

सिक्किम में बादल फटने और फ्लैश फ्लड के कारण राज्य में तबाही मची हुई है। इस बीच,  शिक्षा विभाग ने कहा कि मंगन, गंगटोक, पाकयोंग और नामची जिलों में स्थित सभी स्कूल 8 अक्टूबर तक बंद रहेंगे।

सिक्किम और हिमाचल की त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे केंद्र- मल्लिकार्जुन खरगे

सिक्किम में बादल फटने और उसके बाद अचानक आई बाढ़ में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है।  सिक्किम में आए इस प्राकृतिक संकट पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को कहा कि ऐसी त्रासदियों को केंद्र द्वारा राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाना चाहिए। इनमें सिक्किम के अलावा हिमाचल प्रदेश में हाल की बारिश से संबंधित आपदाएं भी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर बताया कि सिक्किम के मुख्यमंत्री से मैंने बात की और राज्य के कुछ हिस्सों में दुर्भाग्यपूर्ण प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर स्थिति का जायजा लिया। चुनौती से निपटने में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मैं प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं। 

तीस्ता नदी में आए बाढ़ के कारण बंगाल भी हुआ बुरी तरह प्रभावित

सिक्किम में बादल फटने और फ्लैश फ्लड के कारण भारी तबाही हुई है। सिक्किम की यह आफत बंगाल तक पहुंच गई है। निचली धारा का उत्तरी बंगाल भी इस आपदा की वजह से बुरी तरह प्रभावित हुआ क्योंकि उफनती तीस्ता नदी का पानी दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूच बिहार और जलपाईगुड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में घुस गया।

राज्य सरकार ने प्राकृतिक संकट को किया आपदा घोषित

सिक्किम में बादल फटने और अचानक बाढ़ के कारण सेना के कई जवान लापता चल रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी लापता सेना के जवानों की सलामती के लिए प्रार्थना की। वहीं, सिक्किम सरकार ने एक अधिसूचना में कहा कि राज्य में आए प्राकृतिक संकट को आपदा घोषित कर दिया गया है।

पाक्योंग ग्रीनफील्ड हवाईअड्डे की दीवारें हुई क्षतिग्रस्त

सिक्किम में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से पाक्योंग ग्रीनफील्ड हवाईअड्डे की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

फ्लैश फ्लड के कारण चुंगथांग में पुलिस स्टेशन हुआ नष्ट

सिक्किम में बादल फटने के कारण अचानक आई भीषण बाढ़ की वजह से चुंगथांग में पुलिस स्टेशन तक नष्ट हो गया है। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, चुंगथांग और अधिकांश उत्तरी सिक्किम में मोबाइल नेटवर्क कनेक्शन बाधित हो गया है।

(Visited 48 times, 1 visits today)

One thought on “सिक्किम में बादल फटने के बाद खौफनाक मंजर आया सामने , पूरे राज्य में भारी तबाही

Comments are closed.